महर्षि बाल्मीकि का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी प्रेरणादायक : राजबीर चौहान
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पंकज राज
हरिद्वार : भेल की कर्मचारी यूनियन बी एम के पी(इंटक) के महामंत्री और रानीपुर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट के प्रबल दावेदार राजबीर सिंह चौहान ने महर्षि बाल्मीकि के प्रकट उत्सव के अवसर पर कई स्थानों पर बाल्मीकि मंदिरों में पूजा अर्चना की। भेल रानीपुर विधानसभा के विष्णु लोक कॉलोनी,लेबर कॉलोनी सेक्टर 5 तथा अन्य मंदिरों में पूजा-पाठ के साथ-साथ उन्होंने विष्णु लोक कॉलोनी स्थित बाल्मीकि मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे शिवलिंग की स्थापना भी की।
इस अवसर पर राजबीर चौहान ने कहा कि महर्षि बाल्मीकि का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। महर्षि ने रामायण जैसे महाग्रंथ की रचना कर समाज को श्री राम के उदात्त चरित्र से परिचित कराया। उन्होंने लोगों को भगवान राम के त्याग,संयम,धैर्य और प्राणी मात्र के प्रति प्रेम जैसे सद्गुणों से प्रेरित होकर समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने हेतु जागरूक किया। उन्होंने कहा कि रामायण में महर्षि बाल्मीकि ने श्री राम की नैतिकता और उच्च जीवन मूल्यों का ऐसा चित्रण किया कि रामराज्य को आज भी आदर्श माना जाता है,इसी कारण भारत में सभी सरकारों का घोषित उद्देश्य रामराज्य की स्थापना करना होता है। माता सीता के वन गमन के पश्चात अपने आश्रम में उनको शरण देकर महर्षि ने अपने महान व्यक्तित्व का परिचय दिया। श्री राम और सीता के पुत्रों लव और कुश को शास्त्रों के साथ-साथ शस्त्रों की शिक्षा देकर उन्होंने गुरु के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन भी किया। राजबीर चौहान ने कहा कि ऐसे महान महर्षि को उनके जन्म दिवस पर नमन करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।