आरएसएस की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है कांग्रेस : संजय सिंह
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
दीपक चौहान
हरिद्वार : भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री संजय सिंह ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेसियों को हिंदुत्व की याद आने लगी जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस ने सदैव हिंदुत्व का विरोध किया है। आजादी के बाद लगातार 70 सालों तक देश पर राज करने वाली पार्टी ने कभी कोई भी निर्णय हिंदू के पक्ष में नहीं लिया। आज जब आरएसएस संगठन हिंदू को एकजुट करने में लगा है तो कांग्रेस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को हिंदू विरोधी बताने में लगी है लेकिन कांग्रेस पार्टी के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। गौरतलब है कि श्रवणनाथ नगर स्थित भाटिया भवन में आयोजित राहुल प्रियंका गांधी सेना कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित जगदीश शर्मा ने आर एस एस को हिंदू विरोधी बताया और कहा कि संत समाज में आर एस एस के खिलाफ काफी आक्रोश है। पंडित जगदीश शर्मा के बयान को लेकर विरोध जताते हुए संजय सिंह ने कहा कि हकीकत इससे विपरीत है कांग्रेस पार्टी ने सदैव हिंदुओं के विरोध में कार्य किया है। आर एस एस दुनिया का सबसे बड़ा हिंदू संगठन है जो सदैव हिंदुत्व के लिए कार्य करता आ रहा है। इतिहास गवाह है कि आजादी के बाद देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में हिंदू को अपना हक पाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। संजय सिंह ने कहा कि आर एस एस की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस पार्टी घबरा गई है इसलिए आनन-फानन में बयानबाजी कर उसे बदनाम करने की साजिश करती है। कांग्रेस पार्टी की सच्चाई पूरे भारतवर्ष की जनता के सामने आ चुकी है। आर एस एस की बढ़ती ताकत कांग्रेस पार्टी के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है और इसीलिए वह आम जनमानस को भ्रमित करने का कार्य कर रही है पर भारत की जनता कांग्रेस पार्टी के झांसे में नहीं आने वाली है।