स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाए युवा पीढ़ी : प्रीत कमल सारस्वत
सचिन शर्मा
हरिद्वार। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नगर निगम के वार्ड नंबर 18 गोविंदपुरी की पार्षद आशा सारस्वत एवं उनके पति प्रीत कमल सारस्वत द्वारा गुरुवार को क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। इस दौरान स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर प्रीत कमल सारस्वत ने कहा कि विदेशों में भारतीय संस्कृति का परचम लहराने में स्वामी विवेकानंद का योगदान अतुलनीय है। अंग्रेजी राज में जब विदेशी लोग भारत को सपेरों का देश कहकर पुकारते थे,उस समय स्वामी जी ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित धर्म संसद में ओजस्वी भाषण देकर विदेशियों को भारतीय अध्यात्म और संस्कृति की श्रेष्ठता से परिचित कराया। आज की पीढ़ी को भी स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान करने की आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।