जागृति वूमेंस कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसाइटी ने मनाया राष्ट्रीय बालिका दिवस
सचिन शर्मा
हरिद्वार। जागृति वूमेंस कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसाइटी द्वारा 24 जनवरी 2023 को श्रीमती शकुंतला शास्त्री स्मारक महिला इंटर कॉलेज सती कुंड कनखल में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया।
संस्था की संरक्षिका मंजुला भगत ने छात्राओं को बताया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज को बालिकाओं के अधिकारों,शिक्षा,स्वास्थ्य एवं पोषण की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी प्रतिभावान हैं और जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है।
विद्यालय की छात्रा पिंकी वर्मा ने "अभिशाप नहीं वरदान हैं बेटियां" कविता प्रस्तुत की। छात्रा आंचल पंवार ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। छात्रा तनीषा ने व्यावहारिक जीवन में लड़कियों के प्रति परिवार व समाज की सोच के बारे में अपने विचार रखे।
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए कक्षा 11 की छात्रा खुशबू त्यागी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वर्गीय डॉक्टर सिया देवी सक्सेना छात्रवृत्ति का ₹11000 की धनराशि का चेक भेंट किया गया। संस्था की सचिव डॉक्टर करुणा शर्मा ने छात्रवृत्ति बारे में बताते हुए कहा कि यह छात्रवृत्ति उस महिला के नाम पर दी जा रही है जो स्वयं महिला सशक्तिकरण की मिसाल है और जिन्होंने अपने जीवन में संघर्ष करते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त की और प्रोफ़सर पद पर पहुंची। करुणा शर्मा ने स्वर्गीय डॉक्टर सिया देवी सक्सेना के जीवन का प्रसंग भी सुनाया।
अध्यक्षा नीरू जैन ने सभी को राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई दी तथा छात्राओं की प्रस्तुति की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ अध्यापिका रेखा पुरोहित एवं उनके सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद किया। वरिष्ठ अध्यापिका रेखा पुरोहित ने सभी को राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई दी एवं संस्था का धन्यवाद किया। नेहा मलिक ने लड़कियों को लड़कों के समान बताते हुए उनके सशक्तिकरण की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका नम्रता सैनी ने किया। इस अवसर पर ज्योत्सना मेहरोत्रा,श्वेता सक्सेना तथा गीता पंत रस्तोगी आदि उपस्थित रहे।