W20 की चेयरमैन के हरिद्वार पहुंचने पर भाजपा महिला मोर्चा ने किया स्वागत
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पंकज राज चौहान
हरिद्वार। भाजपा महिला मोर्चा हरिद्वार ने प्रदेश मंत्री रीता चमोली के नेतृत्व में मंगलवार को W20 की चेयरमैन डॉ संध्या पुरेचा का हरिद्वार आगमन पर पगड़ी,फूलमाला पहनाकर और पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया।
बहादराबाद ब्लॉक में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैठक लेते हुए डॉ संध्या पुरेचा ने बताया कि W20 महिला नेताओं का एक समूह है,जो G20 देशों में लैंगिक समानता और महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। W20,G20 का ही आधिकारिक हिस्सा है,जो महिलाओं के लिए लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण से संबंधित मुद्दों पर G20 के साथ जुड़ने के लिए एक मंच के रूप में स्थापित किया गया था। भारत ‘1 दिसंबर’ से शक्तिशाली समूह G20 की अध्यक्षता करने जा रहा है। यह प्रत्येक भारतवासी के लिए बहुत बड़ा अवसर साबित होगा। दरअसल विशेषज्ञों द्वारा वैश्विक देशों के इस बड़े समूह की अध्यक्षता करने के कई मायने समझे जा रहे हैं। सीधे शब्दों में कहा जाए तो यह वैश्विक मंच भारत के बढ़ते महत्व को दर्शाने में बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है कि ‘न्यू इंडिया’ अब तेजी से आकार ले रहा है।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने अनुभवों को बैठक में साझा किया। संध्या सलूजा ने कहा कि नारी चाहे घर हो या बाहर,अपने कर्त्तव्यों का पालन निष्ठा से करती है। उसकी भूमिका से सशक्त समाज का निर्माण होता है। आज की महिला केवल अपने आप सशक्त नही है बल्कि वह समाज को सशक्त बनाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रही है।
बैठक में बहादराबाद ब्लाक के बीड़ीओ मानस मित्तल ने बहादराबाद में चलने वाले स्वयं सहायता समूह के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में एबीडीओ अरुण भट्ट,एरिया कॉर्डिनेटर बबिता,जिला उपाध्यक्ष मनु रावत,मोनिका,नीतू वर्मा,रेणु शर्मा,बिमला ढोंडियाल और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिभाग किया।