कैविंडीज इंडस्ट्री के प्रबंधन ने मानी श्रमिकों की मांगें,विधायकों ने जूस पिलाकर कराया अनशन समाप्त
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
विनोद धीमान
लक्सर :- त्रिवर्षीय वेतन वृद्धि को लेकर पिछले कुछ समय से कैविंडीज इंडस्ट्रीज लिमिटेड (जेके टायर) के श्रमिकों और फैक्टरी प्रबंधन के मध्य चल रहे विवाद का आज समापन हो गया है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे श्रमिकों को कैबिनेट मंत्री यतिश्वरानंद और विधायक कुँवर प्रणव सिंह चैम्पियन ने जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
आपको बता दें कि खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और गन्ना विकास मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद और फैक्ट्री प्रबंधन प्रसाद के मध्य हुए समझौते के साथ श्रमिकों की पांच मांगों में से चार मांगों पर सहमति बनी और पांचवी मुख्य मांग वेतन वृद्धि की इस शर्त के साथ 15 दिन बाद पूरी की जाएगी जब श्रमिक फैक्ट्री में कार्य के दौरान प्रगति का ग्राफ बढ़ाएंगे।
श्रमिकों की शर्तों के अनुसार फैक्ट्री प्रबंधन ने घोषणा की कि फैक्ट्री से निकाले गए 12 श्रमिकों को तत्काल वापस लिया जाएगा और जिन व्यक्तियों को अब तक खाली बैठे वेतन दिया जा रहा था उनका वेतन समाप्त कर कार्य करने पर ही वेतन दिया जाएगा। इसी प्रकार नो वर्क नो पे का आदेश भी फैक्ट्री प्रबंधन वापस लेता है।
श्रमिकों को संबोधित करते हुए स्वामी यतिश्वरानंद ने कहा कि हड़ताल को तुड़वाने में क्षेत्रीय विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के अलावा लक्सर विधायक संजय गुप्ता ने भी मुख्यमंत्री से बात की और मुख्यमंत्री के आदेश पर जिलाधिकारी की मध्यस्थता में फैक्ट्री प्रबंधन के साथ वार्ता कर समझौते की रूपरेखा तैयार की गई है। यह श्रमिकों की एकता अखंडता का ही परिणाम है कि आज फैक्ट्री प्रबंधन को उनके आगे झुकना पड़ा लेकिन श्रमिकों का भी यह कर्तव्य है कि वह फैक्ट्री प्रबंधन को अपने कार्य के दौरान मुनाफा करके दिखाएं। फैक्ट्री लाभ में चलेगी तभी तो श्रमिकों को वेतन दे पाएगी। हमने वह दिन भी देखे हैं जब फैक्ट्री के बंद होने पर श्रमिक सर पर हाथ धर कर रोते हैं। यह हम सब के प्रयास से ही संभव हुआ है। हमें फैक्ट्री प्रबंधन का विश्वास बढ़ाना होगा ताकि वह 15 दिन बाद जिलाधिकारी के यहां होने वाली मीटिंग में आप लोगों की वेतन वृद्धि की मांग को आपकी इच्छा अनुसार मान सकें।
लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद श्रमिकों और प्रबंधन के बीच हुए समझौते से उत्साहित श्रमिकों ने ढोल बाजे और जयघोष के साथ हड़ताल का समापन करते हुए फैक्ट्री में कार्य करने का संकल्प लिया। कृष्ण गोपाल और अशोक कुमार ने सभी फैक्ट्री श्रमिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सब की एकता के कारण ही यह संभव हो सका है। हमें अपने हक के लिए आगे भी एकजुटता का परिचय इसी प्रकार देना होगा।