संविधान दिवस पर पथरी प्रेस क्लब में बाबा साहब और मुंबई हमले के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पीयूष चौहान
हरिद्वार : ग्रामीण क्षेत्र में भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर पथरी प्रेस क्लब के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय संविधान की दिशा और दशा पर विचार किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब के संरक्षक एवं अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों द्वारा संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया।
भारत के संविधान की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान में चेक एंड बैलेंस यानि रोक और संतुलन की व्यवस्था है।भारतीय संविधान लोगों की आशाओं आकांक्षाओं पर खरा साबित हुआ है भारतीय संविधान विस्तृत होने के साथ-साथ सरल भी है। स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए पथरी प्रेस क्लब के संरक्षक पुष्पराज धीमान ने बताया कि हमारे संविधान ने विवेकानंद के नए भारत के सपने को साकार किया और भारतीय संविधान के कारण ही पिछड़े, दलित, गरीब सत्ता के शीर्ष तक पहुंचे। वही प्रेस क्लब के अध्यक्ष शमशेर अली ने कहा कि भारतीय संविधान बहुत मजबूत है। संविधान की इसी खूबी के कारण भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था निर्बाध रूप से चल रही है। पथरी प्रेस क्लब के महासचिव पीयूष चौहान ने बताया कि भारतीय संविधान के कारण देश में समय-समय पर तीन रक्तहीन क्रांति हुई। उन्होंने कहा कि जैसे अलग-अलग धर्मों के लोगों के लिए उनके अलग-अलग धर्म ग्रंथ पूजनीय है। वैसे ही भारत के हम लोगों के लिए भारत का संविधान सर्वोपरि और पूजनीय है और भारतीय संविधान में मीडिया को चौथे स्तंभ के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है और हमें विचारों की अभिव्यक्ति प्रदान की गई है। वहीं दूसरी और प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने 26/11 को हुए मुंबई हमले में भारतीय जवानों की शहादत को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जवान चाहे वह पुलिस का जवान हो या फिर आर्मी का हिंदुस्तान के लिए अपनी जान हथेली पर लेकर घूमने का जज्बा रखता है उन्होंने कहा कि हमारे जवानों की बदौलत ही हम आज अपने घर में सुरक्षित है और इस संविधान दिवस पर यह कार्यक्रम कर रहे हैं, इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक अजब सिंह, सचिव अमित कुमार, कोषाध्यक्ष दिलशाद अंसारी, संगठन मंत्री अनिल वर्मा एवं कार्यालय प्रभारी नवाब मलिक के साथ सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।