विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज के लिए मारपीट का आरोप,मुकदमा दर्ज
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
विनोद धीमान
लक्सर : लक्सर निवासी एक महिला ने सी ओ लक्सर को तहरीर देकर अपने ससुराल पक्ष पर दहेज व उसके साथ मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
आपको बता दें कि लक्सर की रहने वाली एक महिला की शादी 14 मार्च 2021 को विकास मित्तल पुत्र स्वर्गीय विनोद मित्तल निवासी संत विहार कॉलोनी लक्सर से हुई थी। तहरीर के अनुसार महिला का कहना है कि उसके घर वालों ने ससुराल पक्ष की इच्छा अनुसार तेरा लाख पचास हजार रुपये शादी में खर्च किए थे। शादी के बाद महिला की सास व जेठानी ने महिला के सारे जेवरात वापस ले लिये थे और उनको उसकी नंद के घर पर भिजवा दिए थे। जब यह बात महिला ने अपने पति को बताई तो उसने अपने घर वालों का साथ देते हुए महिला के साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति व सास और उसका जेठ व नंदोई ने भी उसके साथ मारपीट की और गाली गलौज की और महिला को घर से निकाल दिया।महिला ने तहरीर में बताया कि उसके ससुराल पक्ष वाले लोग दहेज लोभी हैं। महिला ने बताया पहले भी उन्होंने दो बार मारपीट करके उसको घर से निकाल चुके हैं। लेकिन महिला की माँ ने समझा कर उसको दोबारा ससुराल भेज दिया था।महिला ने तहरीर में लिखा है कि उसकी सास और उसके पति ने 10 सितंबर को उसकी मां को फोन कर मारुति कंपनी की आर्टिका गाड़ी या 1000000 रुपए देने की मांग की और धमकी देते हुए कहा अगर ऐसा नहीं किया तो अंजाम बुरा होगा। एक दिन गंभीर कदम उठाते हुए उसके पति ने उसका चाकू से हाथ काट दिया था जिसकी सूचना महिला ने 14 सितंबर को कोतवाली में दी थी। कोतवाली पुलिस ने महिला हेल्पलाइन भेज दिया था जिस पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। आज फिर महिला ने क्षेत्राधिकारी लक्सर को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की अपील करते हुए अपनी सुरक्षा की मांग की है। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली निरीक्षक यसपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि महिला द्वारा दी गई क्षेत्राधिकारी को तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।