राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान की सफलता निश्चित-गौरव पुंडीर
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पंकज राज
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान के अंतर्गत बुधवार को शिवालिक नगर में बाइक रैली निकालकर जन जागरण किया गया। शिवालिक नगर स्थित शिव मंदिर से आरंभ होकर बाइक रैली संपूर्ण शिवालिक नगर क्षेत्र में भ्रमण करने के पश्चात शिव मंदिर पर आकर ही समाप्त हुई। श्रीराम नाम के जयघोष के बीच कई स्थानो पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा करते हुए रैली में शामिल राम भक्तों का उत्साहवर्धन किया।
रानीपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी गौरव पुंडीर ने बताया कि बाइक रैली द्वारा इस अभियान के संबंध में जनता को जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि 500 वर्षों में 76 लड़ाइयां तथा लगभग चार लाख राम भक्तों के बलिदान के पश्चात अब वह समय आया है जब अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। मंदिर निर्माण में जनसामान्य का सहयोग लेने के लिए 15 जनवरी से 5 फरवरी तक राम भक्त घर-घर जाकर आम लोगों से मंदिर निर्माण में उनके अंशदान के रूप में धनराशि एकत्र करेंगे। आम जनता अपने सामर्थ्य तथा इच्छा अनुसार इस अभियान में सहयोग कर सकती है। लोगों से इस पुनीत कार्य के लिए अधिक से अधिक योगदान देने का आग्रह किया गया। गौरव पुंडीर ने कहा कि बाइक रैली के दौरान जनता की सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने के बाद मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह अभियान निश्चित रूप से सफल होने जा रहा है। जिस प्रकार आम लोगों ने रैली में शामिल राम भक्तों का उत्साहवर्धन किया उसी प्रकार इस अभियान में भी अधिक से अधिक योगदान देकर मंदिर निर्माण में सहयोग करेंगे।
बाइक रैली में बड़ी संख्या में राम भक्त शामिल रहे l