पति सहित ससुराल वालों पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
रामनगर।एक महिला ने अपनी पुत्री के साथ पति सहित ससुराल वालों पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगायी है।बुधवार को ग्राम बंदोबस्ती कालाढूंगी निवासी पदमा देवी ने अमिता लोहनी को शिकायती पत्र में कहा कि उसकी पुत्री यशोदा की शादी 5 जुलाई 2020 को ग्राम हनेरा गंगोलीहाट जिला पिथौरागढ़ निवासी नंदन सिंह बोरा के साथ धूमधाम से हुई थी।शादी में दान दहेज़ सब कुछ दिया गया था।पीड़ित महिला ने बताया उसकी पुत्री को उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए शादी के समय से ही परेशान कर रखा था। आये दिन मारपीट ,गाली गलौज और जान से मारने की धमकियां देतें रहते थे।कई बार उसका पति जानलेवा हमला भी कर चुका है।बताया कि उसके ससुराल वाले भी मारपीट करतें हैं।बताया कि जब उसकी पुत्री गर्भवती थीं तो उसके साथ मारपीट करके दिसंबर में उसका गर्भपात करा दिया गया था।पीड़ित महिला का आरोप है उसकी पुत्री का दहेज उत्पीड़न,मानसिक और शारीरिक शोषण किया गया।बताया कि पति सहित ससुराल वालों से तंग आकर उसने 22 अप्रैल को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली और उसकी पुत्री की लाश ऐसे ही एक दिन तक लटकी रही।सूचना पर पीड़ित परिवार वहाँ पहुँचे और अंतिम संस्कार किया गया।पीड़ित महिला ने गंगोलीहाट पिथौरागढ़ पुलिस प्रशासन और महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी से न्याय की गुहार लगायी हैं।उत्तराखंड महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने मामले को गंभीर बताते हुए गंगोलीहाट पिथौरागढ़ पुलिस अधिकारियों से बात की।उन्होंने बताया कि पुलिस ने पति नंदन सिंह बोरा,जेठ औऱ जेठानी के खिलाफ दहेज़ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया गया है।