रानीपुर विधायक ने बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पंकज राज
हरिद्वार : रानीपुर विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कईं बूथों पर जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनाव की तैयारियों को लेकर उनका उत्साहवर्धन किया।
आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनावों में दमदार प्रदर्शन करने हेतु भाजपा द्वारा प्रत्येक बूथ पर अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए हर बूथ के अध्यक्ष तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। रानीपुर विधायक आदेश चौहान प्रत्येक बूथ पर व्यक्तिगत रूप से जाकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा रहे हैं और उनसे चुनाव के लिए जी-जान से जुटने का आह्वान कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बूथ संख्या 79,91,107,110,121,135 तथा 136 पर जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान रानीपुर विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा संगठन द्वारा दिए गए आगामी कार्यक्रमों के विषय में विस्तार से चर्चा की एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा और समर्पण अभियान के तहत बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों हेतु विचार-विमर्श किया।
ज्ञातव्य है कि आगामी वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत रानीपुर विधायक आदेश चौहान प्रत्येक बूथ पर होने वाले कार्यक्रमों में व्यक्तिगत रूप से रूचि ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त वह कार्यकर्ताओं से निजी तौर पर मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं और इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी शक्ति से कार्य करने का आग्रह किया। इसके लिए उन्होंने प्रचार-प्रसार के हर साधन विशेष रूप से सोशल मीडिया का प्रयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें समाज के हर वर्ग के उत्थान और विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। नई-नई योजनाएं बनाकर जनता के जीवन स्तर को सुधारने का कार्य किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं तथा सरकार की नीति और नीयत के विषय में जनता को अधिक से अधिक जागरूक करना होगा ताकि चुनाव में जनता पुनः भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मत देकर पार्टी को सत्तासीन करने में सहयोग करे।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने सभी बूथ अध्यक्षों को भारत माता,संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर,भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र भेंट किए।