पुजारियों के खिलाफ राहुल गांधी का बयान घोर निंदनीय : उज्जवल पंडित
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पंकज राज चौहान
हरिद्वार। अखिल भारतीय युवा तीर्थ पुरोहित महासभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रामघाट पर एकत्रित होकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष उज्ज्वल पंडित ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक ओर तो देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं वहीं दूसरी ओर उनका यह बयान कि, "भारत पुजारियों का देश नही है", घोर निंदनीय है। राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि भारत में सनातन परंपराएं इतनी मजबूत हैं कि इनके कारण हजारों वर्ष तक गुलाम रहने के बाद भी भारत आज विश्व में अपना अलग परचम लहराए हुए है। भारत पुजारियों का,पुरोहितों का,संस्कृति,धर्म,व्रत,त्यौहार,पुण्य,यज्ञ और कर्म प्रधानता का देश है। ऐसे भारत के लिए इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग कर भारत में विघटन पैदा करना ही इन लोगों का उद्देश्य है।
शांतनु शर्मा चंद्रमन के ने कहा कि राहुल गांधी जनेऊ पहनकर,माथे पर तिलक लगाकर हिंदू संस्कृति का मजाक उड़ाते हैं। वह अपने को हिंदू प्रदर्शित करना तो चाहते हैं लेकिन उनके मन में पाश्चात्य एवं पाकिस्तानी संस्कारों की भावनाएं हमेशा भरी रहती हैं। ऐसे लोगों को भारत में नहीं रहना चाहिए।
पंकज पंडित ने कहा कि इस भारत में जन्म से लेकर मृत्यु तक के हर कार्य में पंडितों की,पुजारियों की,पुरोहितों की आवश्यकता होती है। राहुल गांधी का इस प्रकार पुजारियों के खिलाफ बयान देना उनकी मंदबुद्धि को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी का जन्म हुआ होगा या उनके अन्य कोई भी संस्कार हुए होंगे,क्या तब पंडितों,पुजारियों की आवश्यकता नहीं पड़ी? जैसे आपके घर के अंदर जाने के लिए आपके सुरक्षाकर्मी की आज्ञा लेनी पड़ती है,इसी प्रकार भगवान के मंदिर में जाने पर पहले वहां के पुजारी एवं पंडितों की आज्ञा लेनी पड़ती है।
इस अवसर पर सुरेश शास्त्री,मदन मुखिया,शिवम ठाकुर,महेश जोशी,आशु शर्मा,हेमंत शर्मा,सुनील शर्मा,पंडित,अंकित सरायवाले,बाबू शर्मा,लोकेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।