देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन करने से प्रसन्न होती हैं मां दुर्गा : स्वामी बिपनानंद
सचिन शर्मा
हरिद्वार, 9 अप्रैल। प्रथम नवरात्र पर श्यामपुर कांगड़ी स्थित शिवालय निकेतन ट्रस्ट धाम में विशेष नवरात्र अनुष्ठान शुरू किया गया। आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी बिपनानंद महाराज ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले विशेष अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां दुर्गा की आराधना की जाएगी। प्रतिदिन देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया जाएगा। स्वामी बिपनानंद महाराज ने कहा कि नवरात्र आराधना में देवी स्वरूपा कन्याओं के पूजन का विशेष महत्व है। कन्या पूजन करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्त का कल्याण करती हैं। स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि नवरात्रों मां दुर्गा की आराधना करने के साथ सभी को देवी स्वरूपा कन्याओं के संरक्षण संवर्द्धन का संकल्प भी अवश्य लेना चाहिए।