स्वास्तिक संकल्प ट्रस्ट ने आयोजित किया निशुल्क संगीत प्रशिक्षण शिविर
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
मुरली शर्मा
हरिद्वार। स्वास्तिक संकल्प ट्रस्ट के अध्यक्ष चेतन चौबे की अध्यक्षता में हरिपुर कला स्थित मुख्यालय में एक मासिक नि:शुल्क संगीत प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बांसुरी, हारमोनियम व गायन कला का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कर्ता के रूप में शास्त्रीय बांसुरी वादक विजय मंगाई, घनश्याम कुशवाहा, डॉली व संयम पांडे इच्छुक अभ्यर्थियों को संगीत कला का प्रशिक्षण देंगे। शिविर का लाभ लेने हेतु अभ्यर्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पूर्व में रजिस्ट्रेशन करवाया गया।
बच्चों के साथ कुछ माता-पिता भी प्रशिक्षण लेने हेतु उत्सुक दिखाई दिए। ट्रस्ट के अध्यक्ष चेतन चौबे ने कहा की भारतीय संस्कृति व संगीत कला के प्रचार प्रसार हेतु शिविर का आयोजन किया गया है साथ ही समय-समय पर प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगी मंच तैयार करने की भी बात कही। स्वास्तिक संगीत केन्द्र के संचालक घनश्याम कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक जिज्ञासु को संगीत का उचित ज्ञान दिया जाएगा पूर्व में भी कई कलाकारों को संगीत शिक्षा के माध्यम से उन्नत मंच प्रदान किया जाता रहा है। शास्त्रीय बांसुरी वादक विजय मंगाई ने कहा कि कई प्रतिभागी आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण संगीत कला से वंचित हो जाते हैं इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु इस शिविर का आयोजन किया गया है।
प्रशिक्षण प्रारंभ करते हुए घनश्याम कुशवाहा व डोली द्वारा हारमोनियम से संबंधित प्रारंभिक ज्ञान दिया गया। मन की एकाग्रता हेतु प्रारंभ में ओम नाद का उच्चारण करवाया गया। विजय मंगाई द्वारा बांसुरी मे प्रारम्भिक ध्वनि निकालना व सरगम से संबंधित ज्ञान दिया गया। अध्यक्ष चेतन चौबे ने बताया कि शिविर के समापन में उन्नत प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। शिविर के उद्घाटन में ट्रस्ट के अध्यक्ष चेतन चौबे, उपाध्यक्ष अनुपम त्यागी, सचिव आकाश चौहान, सह सचिव विजय मंगाई,कोषाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा सक्रिय कार्यकर्ता सार्थक जोशी, डॉली, नेहा,गौरव आदि उपस्थित रहे।