संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत,परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया जहर देकर मारने का आरोप
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
विनोद धीमान
लक्सर-कोतवाली क्षेत्र के गांव फतवा में एक विवाहित युवती की संदिग्ध परिस्थिति में रुड़की हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर पुत्री को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजेंदर पुत्र स्वर्गीय मंगू सिंह निवासी फतवा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री 6 जनवरी 2021 में घर से भाग गई थी,जिसकी पुलिस को भी तहरीर दी गई थी।पुत्री के मिल जाने के बाद उन्हें ज्ञात हुआ कि गांव के ही विकास पुत्र जयसिंह ने उनकी पुत्री के साथ 27 फरवरी 2020 को ही कोर्ट मैरिज कर ली थी। उस वक्त गांव निवासियों एवं बिरादरी के कहने पर उसे गांव में ही रहने दिया गया था।
विजेंदर ने बताया कि कुछ समय बाद हालात सामान्य हो गए और पुत्री का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया था, तब उन्हें पता चला कि शादी के बाद से ही पति विकास, ससुर जय सिंह, सास सावित्री तथा जेंठ आदेश उर्फ टिंकू और जिठानी पायल पत्नी आदेश उसकी पुत्री पर दहेज में डबल बेड,मोटरसाइकिल, टीवी, फ्रिज ,एसी तथा ₹2 लाख नगद लाने का लगातार दबाव बना रहे थे।उस वक्त उसने पुत्री के ससुराल पक्ष के लोगों को समझाया, मगर पुत्री के ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे और धमकी दी कि शीघ्र ही दहेज की रकम पूरी नहीं की तो वे लोग अपने पुत्र विकास की दूसरी शादी करवा देंगे। 24 दिसंबर की रात 11:30 बजे पुलिस के उनके घर आने पर ज्ञात हुआ कि उनकी पुत्री रुड़की में एक निजी हॉस्पिटल(विनय विशाल)में भर्ती है जहां इलाज के दौरान उसने प्रातः 5:00 बजे दम तोड़ दिया।
पुत्री की मृत्यु से व्यथित विजेंदर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष वालों ने उसे जहर देकर मारा है,इस पर पुलिस ने मृतक विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मृतक विवाहिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी और आगे जांच आरंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर ससुराल पक्ष के लोग दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाने के प्रयास किए जाएंगे।