न्यू सेंट थॉमस एकेडमी रोशनाबाद में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
अंशु वर्मा/गीतेश अनेजा
हरिद्वार। हर वर्ष की तरह 5 जून 2023 को न्यू सेंट थॉमस एकेडमी रोशनाबाद हरिद्वार में 'विश्व पर्यावरण दिवस 'मनाया गया। विद्यालय के प्रबंधक श्री राहुल पाल जी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती बीटा गर्ग एवं सभी शिक्षकों ने विद्यालय कैंपस में पेड़ लगाए। प्रधानाचार्य श्रीमती बीटा गर्ग जी ने वृक्षारोपण कर समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने परिवार का ध्यान रखते हैं ,उसी प्रकार हमें अपनी प्रकृति का भी ध्यान रखने की आवश्यकता है उन्होंने बताया कि हमारा जीवन प्रकृति पर निर्भर है। इसलिए हमें अपने पर्यावरण का संरक्षण करना चाहिए और समय-समय पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करके प्रकृति को हरा भरा रखने का संदेश देना चाहिए | उन्होंने अपील की है कि आज के दिन जितने भी पेड़ लगाए जाए उन सभी को गोद लेकर जीवनभर उनको संरक्षित किया जाए ।ताकि पर्यावरण दिवस के मूल उद्देश्य को पूर्ण किया जा सके।जो कि पर्यावरण को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने और इसके संरक्षण के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने में विशेष महत्व रखता है।जनजीवन की सुरक्षा के लिए पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित रखने की जरूरत है। आधुनिकता की ओर बढ़ रहे विश्व में विकास की राह में कई ऐसी चीजों का उपयोग शुरू कर दिया है, जो धरती और पर्यावरण के लिए घातक है। इंसान और पर्यावरण के बीच गहरा संबंध है। प्रकृति के बिना जीवन संभव नहीं है। लेकिन इसी प्रकृति को इंसान नुकसान पहुंचा रहा है। लगातार पर्यावरण दूषित हो रहा है, जो जनजीवन को प्रभावित करने के साथ ही प्राकृतिक आपदाओं की भी वजह बन रहा है।