पेनाल्टी शूटआउट में दिखा खिलाड़ियों का दम, सेवन स्टार और कालका स्पोर्ट्स ने मारी बाजी
सुनील सोनकर
हैप्पी वैली में सातवीं सुनील रावत मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले, पांच टीमों ने अगले दौर में बनाई जगह
मसूरी, 25 अक्टूबर। हैप्पी वैली स्पोर्ट्स समिति की ओर से हैप्पी वैली मैदान में आयोजित सातवीं स्वर्गीय सुनील रावत मेमोरियल सेवन-ए-साइड तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कई मुकाबलों में जीत का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिससे मैदान पर रोमांच बना रहा। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के साथ दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य राज्यों की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। तीसरे दिन भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता अंडर-16, 40 प्लस और ओपन वर्ग में आयोजित की जा रही है। विभिन्न राज्यों से पहुंची टीमों के बीच मुकाबलों से प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा का माहौल बना हुआ है। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य फुटबॉल को बढ़ावा देने के साथ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और स्वर्गीय सुनील रावत की स्मृति को जीवंत रखना है। तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में एमयूएफसी और नवचेतन बी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित खेल के बाद मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट तक पहुंचा, जिसमें एमयूएफसी ने 3-2 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में डीजी ब्वॉयज और कालका स्पोर्ट्स दिल्ली आमने-सामने रहे। इस मैच में भी पेनाल्टी शूटआउट से विजेता का फैसला हुआ। कालका स्पोर्ट्स दिल्ली ने 3-2 से मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। तीसरे मैच में टीम 59 ने गोरिला एफसी के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत हासिल की। वहीं, एवेंजर्स दिल्ली और सेवन स्टार के बीच हुए मुकाबले में पेनाल्टी शूटआउट का रोमांच देखने को मिला। सेवन स्टार ने 4-2 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। दिन के पांचवें मुकाबले में खेतवाला और मसूरी ब्वॉयज के बीच भिड़ंत हुई। इसमें खेतवाला ने 1-0 से जीत हासिल की। इन मुकाबलों में टीमों ने अगले दौर में पहुंचने के लिए पूरा दमखम लगाया। प्रतियोगिता के मुकाबलों का लाइव प्रसारण यूके स्पोर्ट्स पर किया जा रहा है, जिससे मैदान तक नहीं पहुंच पाने वाले फुटबॉल प्रेमी भी मैचों का आनंद ले सकते हैं। डे-नाइट प्रारूप में आयोजित इस प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों के साथ बाहर से आई टीमों की भागीदारी से खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है। मैचों का मंच संचालन अनिल सिंह अन्नू और अमित पंवार ने किया। निर्णायक की भूमिका मनीष, अभिषेक और निक्कू ने निभाई। इस अवसर पर कुलदीप जदवान, वीरेंद्र पंवार जिप्सी, वीरेंद्र पंवार, मनोज गर्ग, सुरेंद्र रावत और मोहन मेलवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। समिति के सदस्यों में नरेंद्र रावत, नरेंद्र थापा, सुशील नेगी, स्वराज राणा, अमित पंवार, रवींद्र रावत, राहुल रांगड़, मनोज थापा, अनिल सिंह अन्नू, मनोज, कमलेश, मनवीर बर्त्वाल, हिमांशु सजवाण, सुरेश सुखौती, दीपक मेहर और पदम थापा सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया।
