किसान महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब,राकेश टिकैत ने भाजपा के खिलाफ हुंकार भरी
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
विनोद धीमान/ जपप्रीत सिंह लक्सर
हरिद्वार : लक्सर में बुधवार को हुई किसानों की महापंचायत में हजारो की संख्या में किसान पहुँचे। किसान महापंचायत में शामिल होने पहुंचे राकेश टिकैत का लक्सर में जोरदार स्वागत किया। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में 5 सितंबर को हुई किसान महापंचायत ने देश की राजनीति मे नया मोड लाकर खडा कर दिया है। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की तहसील लक्सर में किसानों ने बुधवार को एक महापंचायत का आयोजन किया जिसमें किसानों के मसीहा राकेश टिकैत ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार को कोसते हुए कृषि के तीन काले कानून वापस लेने की मांग की। राकेश टिकैत ने कहा कि किसान भाजपा सरकार को आगामी 2022 के चुनाव में जड़ से उखाड़ फेकेंगे।महापंचायत को संबोधित करते हुये चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि भाजपा सरकार जब से सत्ता में आई है देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। आज किसान मजदूर से भी बदतर हो गया है। उत्तराखंड में भी किसानों की हालत कुछ ऐसी ही है। उन्होंने कहा कि जब तक कृषि के तीनों काले कानून वापस नहीं होते तब तक किसान आंदोलन जारी रहेगा चाहे इसमें 10 साल ही क्यों ना लग जाएं।
संयुक्त किसान मोर्चा गाजीपुर बार्डर प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि केन्द्र की सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपने अधिकारों के लिए आने वाले 2022 के चुनाव में वोट की चोट करनी होगी।राकेश टिकैत ने अपने भाषण में केन्द्र की भाजपा सरकार पर ही फोकस किया। उन्होंने मोदी और अमित शाह को हटाने पर जोर देते हुए कहा कि दोनों ने देश को चन्द उद्योगपतियों के हाथों बेचने के अलावा कुछ नहीं किया है। यह सरकार किसान विरोधी है,इसका नाश करना हम सबकी जिम्मेदारी है।भाजपा जातिवाद का जहर घोलने का काम कर रही है। यह हिंदू-मुस्लिमों को लड़ाने में लगी है।इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सब तैयार रहें। उन्होंने कहा कि किसान पिछले 10 महीने से लगातार दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठा है लेकिन गूंगी बहरी सरकार अब तक किसी तरह का कोई वार्तालाप किसानों से करने को तैयार नहीं है। इस सरकार को आगामी 2022 के चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
किसान महापंचायत का आयोजन चौधरी कीरत सिंह व संचालन प्रधान संजय कुमार एडवोकेट अध्यक्ष प्रधान संगठन खानपुर व रवि कुमार प्रदेश महासचिव भारतीय किसान यूनियन के साथ चौधरी संदीप सिंह बसेड़ी खादर ने किया।
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे।सुरक्षा व्यवस्था की मानिटरिंग कर रहे लक्सर सीओ बहादुर सिंह चौहान भी बार बार किसान महापंचायत की जानकारी लेते रहे।