श्रीमद् भागवत कथा के समापन पर 1008 आहुतियां देकर की गई राष्ट्र एवं मानव कल्याण की कामना
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पंकज राज चौहान
रुड़की,24 सितंबर। ज्योतिष गुरुकुलम्पु,रानी तहसील में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के अंतिम दिन कथा की पूर्णाहुति पर राष्ट्र कल्याण के लिए विशेष यज्ञ किया गया,जिसमें 1008 आहुतियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के मंत्रों का जाप कर हवन किया गया।
कथा व्यास आचार्य रमेश सेमवाल महाराज ने श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि सुदामा भगवान श्रीकृष्ण के भक्त और मित्र थे और मित्रता में स्वार्थ नहीं होता। सुदामा के मन में कोई स्वार्थ नहीं था। भगवान श्रीकृष्ण द्वारिका के राजा थे,जबकि सुदामा गरीब ब्राह्मण थे। पूजा-पाठ,भगवान की आराधना व उपासना करने वाले थे। निरंतर भगवान का चिंतन करते थे,कोई लोभ उन्हें नहीं था। सुदामा अपनी पत्नी के कहने पर द्वारकाधीश श्रीकृष्ण से मिलने द्वारिका गए। भगवान श्रीकृष्ण ने उनके चरणों को धोया और उन्हें सब कुछ दे दिया। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता निस्वार्थ भाव की थी। कलयुग में मित्रता स्वार्थपूर्ण हो गई है क्योंकि कलयुग में लोग स्वार्थी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आजकल मित्रता भी स्वार्थ के लिए की जाती है। हमें भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा जी के चरित्र से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके अनुसार अपने जीवन में आचरण करना चाहिए।
आचार्य रमेश सेमवाल ने कहा कि कलयुग में भक्ति प्रधान है। दान का महत्व है। मनुष्य को निरंतर भक्ति करनी चाहिए और दान देना चाहिए। कहा कि कलयुग में पाप बढ़ जाएगा और झूठ का बोलबाला होगा। भाई-भाई का दुश्मन हो जाएगा,सब लोग अपना धर्म छोड़ देंगे। स्वार्थ व क्रोध के कारण रोग बढ़ जाएंगे। हर कोई परेशान रहेगा। इन सब का निवारण भगवान की भक्ति है। श्रीमद् भागवत की कथा कथा सुनने से सब कष्ट दूर हो जाएंगे।
इस अवसर पर कथा व्यास आचार्य रमेश महाराज का जन्मदिवस भी गौ दिवस के रूप में मनाया गया। उन्होंने कहा कि गौ राष्ट्र माता है। सनातन धर्म में गौ की बहुत बड़ी महत्ता है। गौ माता की निरंतर सेवा करनी चाहिए। कहा कि मैं अपने जन्म दिवस को गौ माता को समर्पित करता हूं। गौ की सेवा करना,राष्ट्र की सेवा करना हमारा परम धर्म है। हमें अपनी संतान को अच्छे संस्कार देने चाहिए। हमारे पांच प्राण हैं। गौ,गंगा,गीता,गायत्री और गोपाल इनकी निरंतर रक्षा करनी चाहिए।
कथा में निवर्तमान मेयर गौरव गोयल,विधायक प्रदीप बत्रा,ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सतीश शर्मा,पार्षद जेपी शर्मा,डॉ०अनिल शर्मा,सुधांशु वत्स,भाजपा जिला महामंत्री प्रवीण संधु,पं०विकास शर्मा,समाज सेविका रश्मि चौधरी व नीलम चौधरी,एडवोकेट नवीन कुमार जैन,सतीश धीमान,नीरज कपिल,अंकित शर्मा,इमरान देशभक्त, राधा भटनागर,चित्रा गोयल,रेनू शर्मा,सोनिया राणा,सुलक्षणा सेमवाल,मोनिका,टोनी गंगाभक्त,ऋषिपाल सिंह आदि अनेक भक्तगण मौजूद रहे। अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।