अभाविप नेता पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए जलाया पुतला
दिनेश गोयल
हरिद्वार। 29 सितम्बर को उत्तराखंड में भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए हरिद्वार में उसका पुतला जलाया गया।
विरोध प्रदर्शन में इंकलाबी मजदूर केंद्र के उपाध्यक्ष पंकज ने कहा कि 28 सितंबर को भगत सिंह के जन्म दिवस पर एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में परिवर्तनकामी छात्र संगठन द्वारा शहीद भगत सिंह की फोटो पर पुष्पांजलि, छात्रों में हस्ताक्षर अभियान व पर्चा वितरण का कार्यक्रम रखा गया था।
शहीद भगत सिंह को पुष्पांजलि कार्यक्रम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लंपटों को बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने पछास के नेता चंदन और महासचिव महेश पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने हिंदुस्तान अखबार के पत्रकार पर भी हमला कर दिया।
प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की हरिद्वार सचिव दीपा ने कहा कि पुलिस ने अभी तक मामले के बाद एफ आई आर लिखाने के बाद भी अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इस तरह उत्तराखंड की भाजपा सरकार और उसकी पुलिस ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को गुंडागर्दी करने का लाइसेंस प्रदान कर दिया है।
भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष के राजकिशोर ने कहा कि छात्र नेताओं एवं हिंदुस्तान अखबार के पत्रकार पर किए गए हमले की कार्रवाई बेहद निंदनीय है। हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। नहीं तो न्यायप्रिय संगठन ए बी वी पी के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे।
फूड्स श्रमिक यूनियन (ITC) के कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि पछास पर एबीवीपी का हमला यह दिखाता है कि एबीवीपी भगत सिंह के विचारों से कितना ज्यादा डरता है। लेकिन ये जितना भगत सिंह के विचारो को रोकने की कोशिश करेंगे हम उतना ही भगत सिंह के विचारों को छात्रों-नौजवानों, मजदूर-मेहनतकशों के बीच ले जायेंगे और एबीवीपी जैसे संगठनों का डट कर मुकाबला करेंगे।
सभी वक्ताओं ने मांग कि
1. एबीवीपी के गुंडों पर मुकदमा दर्ज कर जेल में डाला जाए।
2. महाविद्यालय के लंपट छात्र संघ अध्यक्ष को बर्खास्त किया जाए।
विरोध सभा में इंकलाबी मजदूर केंद्र के पंकज कुमार, जे. पी. क्रांतिकारी लोक आधिकार संगठन के नासिर अहमद, जन आधिकार संगठन के सुनील आनंद,धर्म पाल,देव भूमि श्रमिक संगठन के जितेंद्र कुमार,प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की दीपा, नीता, बसंती, निशा,भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष , राजकिशोर, निशु कुमार, ब्रजराज, अवधेश कुमार, एवरेडी मजदूर यूनियन के महामंत्री अनिल कुमार व प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की रजनी परिवर्तनकामी छात्र संगठन के तरुण,दीपांकज आदि लोग शामिल रहे।