जलवीर मोनू को रहने के लिए घर उपलब्ध कराए नगर निगम प्रशासन : नीलम चौधरी
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
पंकज राज चौहान
रुड़की। गत दिवस प्रशासन द्वारा सोनाली पार्क के समीप बनी झोंपड़ियों को तोड़ दिया गया। सिंचाई विभाग,नगर निगम रुडकी और तहसील की टीम द्वारा यह कार्य किया गया। इस कार्रवाई की जद में गंगनहर में बहते हुए सैकड़ो लोगों की जान बचाने वाले जलवीर मोनू की झोपड़ी भी आ गई। आरोप है कि सैकड़ो लोगों की जान बचाने वाले जलवीर की झोपड़ी नगर निगम प्रशासन द्वारा तोड़ दी गई।सूचना पाकर मौके पर पहुंची सर्व समाज सेवा संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्षा नीलम चौधरी ने जलवीर मोनू से मुलाकात की।
मीडिया से बातचीत करते हुए नीलम चौधरी ने कहा कि आज तक सैकड़ों लोगों को नहर में डूब जाने से बचाने वाले जलवीर मोनू की झोपड़ी को नगर निगम द्वारा तोड़ दिए जाने की सूचना मिलने पर वह उनके पास पहुंची है,जहां उन्होंने देखा कि जलवीर मोनू द्वारा बनाई गई झोपड़ी में भी प्रशासन के द्वारा तोड़फोड़ कर दी गई है। जलवीर मोनू को घर से बेघर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रुड़की नगर निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के नाम पर जलवीर मोनू को घर से बेघर कर दिया गया है। प्रशासन को चाहिए कि अतिक्रमण के नाम पर जो बड़े नेता,अधिकारी व व्यापारियों ने पूरे नगर पर कब्जा कर रखा है,वहां जाकर निगम प्रशासन अतिक्रमण को हटाए। गरीब परिवार का जलवीर,जिसने गंगनहर में से सैकड़ों लोगों की जान बचाई,उस जलवीर की झोपड़ी तोड़ने का काम रुड़की नगर निगम प्रशासन द्वारा किया गया है,जो अत्यंत दुखद है।
नीलम चौधरी ने कहा कि वह इस मामले में प्रदर्शन करेंगी। उनका संगठन जलवीर मोनू के साथ साथ खड़ा है। उन्होंने निगम प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि जलवीर मोनू को रहने के लिए एक घर उपलब्ध कराया जाए।