उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने रामपुर तिराहा कांड पर कोर्ट के फैसले पर जताई खुशी
मनीषा सूरी/पीयूष सूरी
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों ने रामपुर तिराहा कांड पर कोर्ट के फैसले पर खुशी प्रकट करते हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष सतीश जोशी ने कहा कि दो महिलाओं को मिला न्याय संपूर्ण देश की महिलाओं को मिले न्याय के समान है। प्रदेश की भाजपा व कांग्रेस की सरकारों द्वारा 30 वर्ष तक रामपुर तिराहा कांड के लिए कोई भी ठोस पैरवी ना करना यह दर्शाता है कि राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों व अस्मिता की आहुति देने वालों के लिए न्याय दिलवाने को इन राजनीतिक दलों के पास समय व सामर्थ्य नहीं है। 30 वर्षों के लंबे अंतराल के पश्चात सत्र न्यायालय से न्याय मिला है। अन्य न्यायालयों से न्याय मिलने में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ेगा। पुलिस की बर्बरता से खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा में शहीद हुए आंदोलनकारियों के केस में अभी अनिर्णय की स्थिति है। इस बीच न्याय की आस लगाए बैठे कई आंदोलनकारियों की मृत्यु हो चुकी है। सरकार के मंत्री शहीद स्थलों पर जाकर इतिश्री कर लेते हैं इस सबसे राज्य आंदोलनकारी बहुत आहत हैं।