उत्तराखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने भाजपा की तीरथ रावत सरकार पर लगाये आरोप
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
सुनील सोनकर
मसूरी में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उत्तराखंड में एक हफ्ते तक चले सियासी ड्रामे के बाद 10 मार्च को नये मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत ने अपना पदभार संभालने के साथ मंत्रिमंडल का गठन पूरा करने के बाद विगत 6 दिनों में राज्य की जनता को निराश किया है।नए मुख्यमंत्री जी ने राज्य की ज्वलंत समस्याओं पर बातचीत करने के बजाय त्रिवेंद्र सरकार के फैसलों को बदलने में ज्यादा रुचि दिखाई है। आज पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत जी ने नए मुख्यमंत्री जी द्वरा अपनी सरकार के फैसलों को पलटने पर नाराजी व्यक्त करके एक नए झगड़े का संकेत दिया है।
नए मुख्यमंत्री जी ने इन 6 दिनों में राज्य की ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु पहल करने से पूरी तरह परहेज किया है। विगत चार वर्षों में भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा राज्य पर कर्ज को 20 हजार करोड़ बढ़ा दिया है। अनाप-सनाप खर्चा करके खाली किये गए राज्य के खजाने को भरने, राज्य के आर्थिक प्रबंधन को दुरूस्त करने के बारे में नए मुख्यमंत्री जी की तरफ से कोई पहल नही की गयी।
राज्य की बेरोजगारी दर चरम पर है। सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती करने, संविदा कर्मियों की सेवाएं जारी रखने तथा बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में जोड़ने में नए मुख्यमंत्री ने अब तक कुछ नही बोला है।राज्य में मंहगाई की मार से गरीब तबके की कमर टूट गयी है। महंगाई की मार से आम जन को छुटकारा मिलेगा या नहीं इस पर भी मुख्यमंत्री जी मौन हैं।राज्य का किसान सूखे की चपेट में है, गन्ना किसानों को गने का बकाया भुगतान नही किया गया। राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा रखी है। कांग्रेस पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत तथा नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सरकार की नाकामियों के साथ साथ भारी बहुमत के बावजूद भाजपा सरकार द्वारा जनता के साथ कि गयी वादा खिलाफी को गांव- गांव और घर-घर जाकर उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में कांग्रेस के महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन में जनता के आपार समर्थन से साफ है कि 2022 में प्रदेश की जनता कांग्रेस को प्रदेश की सत्ता सौंपने जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस में सब एक है और सभी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पार्टी हित और 2022 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिये कार्य करेगे। इस मौके पर विजय सिंह गुसाई, जोत सिंह रावत, भरत सिंह चैहान, मुकेश सेमवाल, मस्तराम, अमित रावत सहित कई लोग मौजूद थे।