विश्व जल संरक्षण दिवस पर स्वच्छता अभियान चलाकर किया गया जागरूक
सबसे तेज प्रधान टाइम्स
विपुल सकलानी
जन सहयोग एवं मिश्रित प्रयास से प्राप्त किया जा सकता है लक्ष्य : डॉ. आलोक त्रिपाठी
चंंबा/जाजल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के द्वारा विश्व जल संरक्षण दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। नगर पालिका परिषद चंबा के सहयोग से वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर जागरुकता बढाई। क्रियात्मक और सैद्धांतिक दोनों प्रकार के कार्यों को अंजाम दिया। सुबह से ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) डॉक्टर आलोक राम त्रिपाठी तथा रिटेनर वरिष्ठ अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां के नेतृत्व में नागिनी स्थित अमृत सरोवर जलाशय में नगर पालिका परिषद चंबा के सहयोग से स्वच्छता कार्य चलाया गया। अधिशासी अधिकारी प्रशांत कुमार ने स्वयं स्वच्छता कार्य का निरीक्षण किया और अपनी टीम का उत्साहबर्धन करते रहे।
न्यायाधीश डॉक्टर त्रिपाठी राजकीय महाविद्यालय जाजल में छात्र-छात्राओं के कार्यक्रम में अपनी टीम के साथ पहुंचे। वृक्षारोपण के पश्चात वहां पर छात्र-छात्राओं, विद्यालय के प्राध्यापकों को संबोधित किया। जल- जलवायु संरक्षण के अनेक सुझाव डॉक्टर त्रिपाठी के द्वारा दिए गए। कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण प्रत्येक विभाग के साथ तालमेल के साथ कार्य करता है।सतत सहयोग के लिए तत्पर है। जल संरक्षण के महत्व को उजागर करते हुए डॉक्टर त्रिपाठी ने कहा कि भारत की जनसंख्या विश्व में 18% के करीब है जबकि उपलब्ध मीठे पानी की मात्रा 4% के करीब है। जल का सदुपयोग करके प्राणी मात्र के लिए उपलब्धता प्रदान करनी पड़ती है। किस प्रकार से हम जल स्रोतों, हिमानियों, बहते हुए पानी, भूमि का जल का सदुपयोग करें तथा उसे शुद्ध- स्वच्छ बनाए रखें, इस पर उन्होंने काफी प्रकाश डाला। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर साहित्यकार सोमवारी लाल सकलानी निशांत ने "ताकि पृष्ठ गायब न हो और प्रकृति घायल न हो" थीम पर आधारित अपनी अद्यतन पुस्तक (पेड़ों के मसीहा) माननीय न्यायाधीश तथा महाविद्यालय के प्राध्यापकों को प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट करते हुए विचार रखे। प्राचार्य डॉ. ए के सिंह तथा डॉ निरंजना शर्मा ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
अपरान्ह नगर पालिका परिषद चंबा के सभागार में समस्त सभासदों, कर्मचारी- पदाधिकारियों के बीच जल संरक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अनेकों महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। अध्यक्ष शोभनी धनोला, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सोमवारी लाल सकलानी, जगमोहन सिंह चौहान, सभासद शक्ति प्रसाद जोशी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिये। मुख्य अतिथि डॉक्टर आलोक राम त्रिपाठी ने विस्तार से जल संचय के बारे में अपनी बात रखी।
इस अवसर पर शक्ति जोशी, महेश पैन्यूली,अरबिंद मखलोगा,दीपक गुनसोला,गौरव फोंदणी, वी.एस चौहान, मनोरमा नकोटी,रचना, कृष्णा सेमवाल,जे पी सकलानी, आर एस नेगी,आर एस पंवार,ओमप्रकाश तिवाड़ी,सीमा,समस्त कर्मचारी और स्वच्छक भाई उपस्थित रहे। अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी द्वारा आभार प्रकट किया गया।