खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेल भावना का विकास होता है - पोरी
सबसे तेज प्रधान टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कंडोलिया पार्क में क्रॉस कंट्री दौड़ व साइकलिंग रैली का आयोजन किया गया। वहीं कंडोलिया मैदान में फुटवॉल प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने क्रॉस कंट्री दौड़ व साइकलिंग रैली को हरी झड़ी दिखाकर रवाना किया। यह प्रतियोगिता कंडोलिया पार्क से देवप्रयाग रोड़ द्वारीधार तक आयोजित की गई। इस दौरान विधायक ने खेल प्रतिभागियों को मतदान करने की शपथ भी दिलाई। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक ने कहा कि 23 मार्च को सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश भर में एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल,स्वास्थ्य शिविर सहित खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगे स्टॉलों से जनता को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कंडोलिया पार्क में आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ व साइकलिंग रैली को हरी झड़ी दिखाकर रवाना किया। क्रॉस कंट्री दौड़ में अव्वल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेल भावना का विकास होता है और वे एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर सेवा,सुशासन और विकास के 3 वर्ष थीम पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर विकासखंड व विधानसभा क्षेत्रों में विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जा रहे हैं और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी कार्यक्रम के तहत आज कंडोलिया मैदान में खेल विभाग,युवा कल्याण विभाग व पर्यटन के तत्वाधान में खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें पर्यटन विभाग द्वारा साइकलिंग रैली,खेल विभाग व युवा कल्याण विभाग द्वारा क्रॉस कंट्री दौड़़ और फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्रॉस कंट्री दौड़ अंडर-16 पुरूष वर्ग में अनीश,प्रथम,जीवन द्वितीय,आदित्य तृतीय व अंडर-16 बालिका वर्ग में रीना प्रथम,अनुष्का द्वितीय व अनाईका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन पुरूष वर्ग में दिगम्बर प्रथम,रवि कुमार द्वितीय,मीनू रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि ओपन महिला वर्ग में मीनाक्षी प्रथम,निधि द्वितीय व संगीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल,जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र फोनिया,जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी,सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह,खेल अधिकारी संदीप डुकलान सहित अन्य अधिकारी व प्रतिभागीय उपस्थित थे।