व्यक्ति निर्माण में मां की होती है महत्वपूर्ण भूमिका - स्वामी गोविंद गिरी
सचिन शर्मा
हरिद्वार, 28 मार्च। संसार में मां और बच्चे का रिश्ता सबसे पवित्र व अनमेाल है। मां ही बच्चों को अंगुली पकड़कर कर चलना सिखाती है, मां ही हमें संस्कारवान बनाकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। व्यक्ति निर्माण में मां की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह उद्गार श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज ने उत्तरी हरिद्वार सप्त सरोवर स्थित वैष्णो देवी मंदिर माता लाल देवी में स्थापित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूज्य माता स्व. हीराबेन मोदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धाजंलि प्रदान करते हुए व्यक्त किये।
स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज ने स्व. हीरा बेन को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन प्रत्येक मां के लिए सदैव अनुकरणीय व प्रेरणास्रोत रहेगा, उन्होंने विपरित परिस्थितियों के बावजूद भी अपने बच्चों में संस्कार व राष्ट्रवाद का संचार किया जिसके चलते उनके सुपुत्र नरेन्द्र मोदी आज प्रधानमंत्री बनकर देश की सेवा करते हुए समूचे विश्व में हिन्दुस्तान का सम्मान बढ़ा रहे हैं। यह स्व. हीराबेन मोदी के त्याग व जीवटता का परिणाम है कि आज साधारण परिवेश में पले-बढ़े नरेन्द्र मोदी विश्व के सर्वाधिक शक्तिशाली नेताओं में शामिल हैं। जब दुनिया में बच्चे अपने माता-पिता की उपेक्षा कर रहे हैं ऐसे में भक्त दुर्गादास साधुवाद के पात्र हैं जिन्होंने वैष्णो देवी मंदिर माता लाल देवी में स्व. हीराबेन मोदी की प्रतिमा स्थापित कर युवा पीढ़ी को मातृ शक्ति के प्रति आदर व सम्मान का संदेश दिया है। उन्हांेने कहा कि पूज्य माता लाल देवी जी व पूज्य हीरा बेन मोदी जैसी माताओं ने समाज को प्रेरणा देने का कार्य किया है।
इस अवसर पर वैष्णो देवी मंदिर माता लाल देवी के संचालक भक्त दुर्गादास ने श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज का स्वागत करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के भव्य निर्माण में स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बेहतर व्यवस्थाओं के चलते ही आज प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुजन देश-दुनिया से अयोध्या पधार रहे हैं।
इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से पं. हीराबल्लभ जोशी, राकेश चंद सकलानी, अश्वनी कुमार आदि शामिल रहे।